धमतरी को मिली बड़ी सौगात! मंत्री ओ.पी. चौधरी ने थामा बल्ला, नए बॉक्स क्रिकेट मैदान में लगाए दमदार शॉट
जालमपुर वार्ड में दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का हुआ शुभारंभ, मंत्री बोले— खेल और संस्कृति ही किसी शहर की असली पहचान, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर।

धमतरी:
धमतरी के युवाओं के लिए रविवार का दिन खास रहा, जब शहर को दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान की सौगात मिली। जालमपुर वार्ड में बने इस आधुनिक मैदान का शुभारंभ वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद मंत्री खुद मैदान में उतरे, बल्ला थामा और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया।
इस दौरान नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने गेंदबाजी की, जबकि बाद में उन्होंने भी बल्लेबाजी कर खेल का आनंद लिया। मैदान तालियों और खिलाड़ियों के उत्साह से गूंज उठा।
“खेल और संस्कृति ही शहर की असली पहचान”
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों से नहीं होती, बल्कि खेल, संस्कृति और युवाओं को मिलने वाले अवसर उसकी वास्तविक प्रगति तय करते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं की तैयारी और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही जिले में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे।
उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सक्रिय युवा ही विकसित समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं।
जिले में और बढ़ेंगी खेल सुविधाएं
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निगम खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से जिले में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन और अन्य खेलों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रशिक्षण का माहौल मिलेगा।
शुभारंभ समारोह में सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









