आधी रात दरवाजा घटघटाया, फिर घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग, पति-पत्नी की गयी जान, बेटे की हालत नाजुक, डबल मर्डर से इलाके मे दहशत
बोकारो के चंद्रपुरा स्थित DVC कॉलोनी में घर में घुसकर फायरिंग में दंपती की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर घायल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले का चंद्रपुरा इलाका गुरुवार रात गोलियों की आवाज से थर्रा उठा। आधी रात हुई गोलीबारी में पति पत्नी की मौत हो गयी, जबकि बेटे की हालत नाजुक है। डीवीसी की पश्चिमी पल्ली आवासीय कॉलोनी में अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर परिवार के तीन सदस्यों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में सेवानिवृत्त कर्मी नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेनू सिन्हा की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल है।घटना चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डीवीसी पश्चिमी पल्ली स्थित क्वार्टर HM-14 की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दरवाजा खुलते ही शुरू हुई फायरिंग
इस घटना को लेकर जो प्रारंभिक जानकारी मिली है, उसके मुताबिक, गुरुवार रात बारिश के दौरान किसी ने नरेश सिन्हा के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने के बाद हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से नरेश सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर परिवार का बेटा रोहित भी वहां पहुंचा, जिसे भी गोली लगी। रिपोर्टों के अनुसार रोहित के सिर में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पति-पत्नी की मौत, बेटा अस्पताल में भर्ती
गोलीबारी में नरेश सिन्हा की पत्नी रेनू सिन्हा भी गंभीर रूप से घायल हुईं। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी भी मौत हो गई। वहीं घायल रोहित को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर किया गया है।नरेश सिन्हा की उम्र विभिन्न रिपोर्टों में 60 से 65 वर्ष के बीच बताई गई है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार वे DVC से जुड़े सेवानिवृत्त कर्मी थे।
बारिश और गर्जन के बीच वारदात
घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी और गर्जन की आवाज भी आ रही थी। इसी दौरान घर में गोलीबारी की घटना हुई। गोलियों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब तक स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीकांड के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही हमले की वजह और आरोपियों के संबंध में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।एक ही परिवार के दो लोगों की मौत और तीसरे सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद DVC कॉलोनी में तनाव और दहशत का माहौल है।












