पुरानी पेंशन बहाली : कर्मचारियों से किया जायेगा एग्रीमेंट…. नये तरीके से हिमाचल में लागू की जायेगी पुरानी पेंशन योजना…

शिमला: झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पंजाब के बाद अब कांग्रेस ने हिमाचल में पुरानी पेंशन (old pension) बहाल करने का वादा किया है। कांग्रेस ने जो चुनाव जीतने के बाद 10 गारंटी दी है, उसमें हिमाचल में पुरानी पेंशन (old pension) बहाली को पहले नंबर रखा गया है। ये बात अलग है कि अभी तक ना तो राजस्थान और ना ही छत्तीसगढ़ पुरानी पेंशन को लेकर अपना रूट मैप साफ कर सका। वहीं झारखंड भी पुरानी पेंशन बहाली का मामला हाईकोर्ट में पहुंचा हुआ है।
ऐसे में जब हिमाचल में पुरानी पेंशन बहाली का वादा कांग्रेस ने किया, तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमत्री भूपेश बघेल पर मीडिया ने सवालों की बौछार कर दी। घोषणा पत्र जारी करने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में भूपेश बघेल ने पुरानी पेंशन को लेकर रूट मैप के बारे में जानकारी दी। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश चुनाव में छत्तीसगढ़ और राजस्थान जैसी पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा किया तो पत्रकारों ने पूछा कि केंद्र सरकार के असहयोग के बाद भी यह योजना कैसे लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, नई पेंशन योजना के तहत केंद्र सरकार ने कर्मचारियों से व्यक्तिगत एग्रीमेंट कर अंशदान जमा कराया था। हम भी कर्मचारियों के साथ एग्रीमेंट करेंगे पुरानी पेंशन योजना के तहत। उनका खाता भी खुलवाएंगे। नई पेंशन योजना के तहत कोई कटौती नहीं होगी। सेवानिवृत्ति पर पेंशन की पूरी गारंटी होगी। सेवानिवृत्ति पर मूल वेतन का 50% पेंशन बनेगी। मृत्यु के बाद परिवार को पेंशन का प्रावधान होगा।











