स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल ब्रेकिंग : टूट सकती है नियमितिकरण की मांग कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल…. स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी पहुंच रहे हैं अनशन स्थल…

रांची। अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल पर अब से कुछ देर में बड़ा फैसला हो सकता है। कुछ देर में प्रदर्शनकारियों से मिलने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आमरण अनशन स्थल पर पहुंच रहे हैं। धरनास्थल पर ही आंदोलनकारी प्रतिनिधिमंडल से अधिकारियों की वार्ता होगी। अगर मांगों पर सहमति बन जाती है तो हड़ताल तोड़ने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि इससे पहले सरकार का रुख प्रदर्शनकारी जरूर देखना चाह रहे हैं।
1 महीने की हड़ताल में पहली बार शासन स्तर से सकारात्मक दिशा में कोई कदम उठाया गयाहै। इससे पहले जब एक बार वार्ता की पहल हुई थी, तो नियमितिकरण के प्रस्ताव पर ही बात अटक गयी थी। उसके बाद करीब 10 दिन का वक्त गुजर, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कदम नहीं बढ़ाया। इधर 14 फरवरी को जरूर ये खबर आयी थी कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता प्रदर्शनकारियों से मिलने अनशन स्थल पर आ सकते हैं, लेकिन ना तो स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे और ना ही स्वास्थ्य विभाग का कोई आला अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचा।
गुस्साये हड़ताली स्वास्थ्यकर्मियों ने 15 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री के घेराव की कोशिश की थी। जिसके बाद आज एक बार फिर वार्ता की पहल हुई है। जानकारी के मुताबिक अब से कुछ देर में ही आमरण अनशन को तुड़वाने के लिए संयुक्त सचिव आलोक त्रिवेदी /और प्रशाखा पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंच जाएंगे।
आपको बता दें कि 16 जनवरी से प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के अनुबंधित कर्मचारी नियमितिकरण की मांग पर हड़ताल पर हैं। इनकी मांग है कि 2014 की तर्ज पर अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मियों का नियमितिकरण किया जाये। हड़ताल की वजह से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गयी है। अब जबकि वार्ता की पहल हुई है तो देखना होगा कि हड़ताल का हल आखिर क्या निकलता है।











