रामनवमी के दिन बेलेश्वर मंदिर में बड़ा हादसा : पूजा करने के दौरान छत ढहने से बावड़ी में गिरे कई श्रद्धालु, SDRF टीम राहत बचाव में जुटी..

इंदौर : रामनवमी के दिन इंदौर शहर में बड़ा हादसा हो गया. यहां बेलेश्वर मंदिर में पूजा करने के दौरान 24 लोग बावड़ी में गिर गए. हादसे की जानकारी लगते ही मौके पर 3 थानों से पुलिस बल को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुलाया गया. मौके पर SDRF की टीम राहत बचाव में जुटी है. पूजा के दौरान बुजुर्ग, महिला और बच्चे मौजूद थे. अभी तक जिन लोगों को बचाया गया है उनमें 2 बच्ची और 3 शख्स शामिल हैं।
दरअसल, जिले के जूनी थाना क्षेत्र स्थित बेलेश्वर मंदिर में राम नवमी (Ram Navami 2023) की पूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. मंदिर की छत अचानक से गिर गई जिससे प्रांगण के अंदर बनी पानी की बावड़ी में 24 से अधिक लोग गिर गए। जानकारी मिलते ही जूनी थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव के काम में जुट गई है. मौके पर 3 थानों से पुलिस बल को भी बुलाया गया क्योंकि दुर्घटनास्थल पर लोगों का भारी हुजूम मौजूद था. पुलिस कमिश्नर और कलेक्टर समेत सभी आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
घटना इंदौर के स्नेह नगर की बताई जा रही है. स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर है. मंदिर के अदंर ही एक बावड़ी बनी है. गुरुवार के दिन पूजा के दौरान इसके ऊपर की छत धंसने से 24 से अधिक लोग बावड़ी में गिर गए. बावड़ी में गिरे लोगों को बचाने की कोशिश जारी है. आरोप है कि, हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर फायर बिग्रेड और 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची थी।
मंदिर में हुए हादसे की जानकारी लगते ही पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और क्षेत्रीय विधायक आकाश विजयवर्गीय मौके पर पहुंच गए है. इंदौर के मंदिर हादसे के बाद CM शिवराज सिंह चौहान स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. उन्होने कलेक्टर, कमिश्नर समेत आला अधिकारियों को फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि लोगों को बचाया जाए और जनहानि ना हो इसकी कोशिश की जाए.









