Gruha Lakshmi Yojana : महिलाओं की बल्ले बल्ले हर महीने मिलेंगे 2 हजार रुपए, रक्षाबंधन पर सरकार ने लॉन्च की गृह लक्ष्मी योजना

गृह लक्ष्मी योजना : महिलाओं को सशक्त बनाने और जेंडर इक्वलिटी को बढ़ावा देने के लिए रक्षाबंधन के मौके पर कर्नाटक सरकार ने गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत की. इस योजना की शुरुआत बुधवार 30 अगस्त को मैसुरू शहर में की गई. इसके तहत लाभार्थियों को हर महीने 2-2 हजार रुपये दिए जाएंगे.
लाभार्थियों के बैंक में पैसे भेजकर लॉन्च
कर्नाटक सरकार की इस स्कीम की शुरुआत लोकसभा सांसद एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने की. कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान इस योजना का वादा किया था. इस तरह से सिद्धरमैया की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने अपना एक और चुनावी वादा पूरा किया है. योजना के तहत राहुल गांधी ने आज पात्र महिलाओं के बैंक खाते में डाइरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पैसे भेजकर इसकी शुरुआत की।
इतनी महिलाओं को मिलेगा लाभ
कर्नाटक सरकार की गृह लक्ष्मी योजना के तहत उन परिवारों को वित्तीय सहायता मिलेगी, जिनकी मुखिया महिला हैं. इस योजना से राज्य की 1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद की जा रही है. मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एक दिन पहले मंगलवार को कहा था कि राज्य के गरीब परिवारों की करीब 1.1 करोड़ महिला मुखिया को हर महीने 2-2 हजार रुपये दिए जाएंगे.
किन्हें नहीं मिल पाएगा लाभ
गृह लक्ष्मी योजना के तहत उन महिलाओं को पात्र माना जाएगा, जो अंत्योदय (Antyodaya), बिलो पोवर्टी लाइन (BPL) और एबव पोवर्टी लाइन (APL) राशन कार्डों में परिवार की मुखिया के रूप में दर्ज हैं. इसके तहत एक परिवार की किसी एक महिला को ही लाभ मिलेगा. वैसी महिलाएं, जो सरकारी कर्मचारी हैं या टैक्स भरती हैं अथवा जिनके पति इनकम टैक्स या जीएसटी का रिटर्न भरते हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
ऐसे कराना होगा रजिस्ट्रेशन
इस योजना के लिए पात्र महिलाओं पहले पंजीकरण कराना होगा. पंजीकरण ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से कर सकते हैं. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए राज्य सरकार की ओर से पोर्टल की शुरुआत की गई है. रजिस्ट्रेशन करने के बाद वेरिफिकेशन होगा और जानकारियां सही पाए जाने के बाद सरकार की ओर से मिलने वाली मदद का लाभ मिलने लगेगा.












