Jharkhand :124 आरोपियों के किस्मत का आज होगा फैसला, चारा घोटाला मामले में आज का दिन अहम सबकी निगाहें कोर्ट पर

रांची : बड़ी खबर ये आई है कि चारा घोटाला मामले में आज एक बड़ा फैसला आएगा. जिसमें 124 आरोपियों के भाग्य का फैसला होना है. आज डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में सीबीआई की विशेष अदालत में फैसला आएगा. न्यायाधीश विशाल श्रीवास्तव की कोर्ट में सभी आरोपियों को सशरीर पेश होना है. इस मामले में सीबीआई ने कोर्ट के समक्ष अब तक 500 से ज्यादा गवाहों को पेश किया है. सीबीआई जांच के बाद करीब 30 साल पहले कांड संख्या RC48A/96 दर्ज किया गया था।
चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद के पांच मामले सहित 53 मामले में सीबीआई कोर्ट में सुनवाई हो चुकी है. जिसमें 52 मामलों में कोर्ट ने फैसला भी सुना दिया है. वहीं आज (28 अगस्त) डोरंडा कोषागार मामले में फैसला सुनाने के बाद चारा घोटाला से जुड़े सभी मामलों में फैसला आ जाएगा. इस मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को पहले ही सजा हो चुकी है.
जानकारी के अनुसार चारा घोटाला मामले में आरोपियों की सबसे ज्यादा संख्या डोरंडा कोषागार से जुड़े मामले में ही है. बता दें कि इससे पूर्व चाईबासा, देवघर और दुमका मामले में फैसला सुनाया जा चुका है. जिसमें लालू यादव समेत कई दोषियों को सजा सुनाई गई है. वहीं आज होने वाली सुनवाई में लालू प्रसाद यादव को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा. 124 आरोपियों में लालू यादव का नाम शामिल नहीं है, क्योंकि इस मामले में लालू यादव को पहले ही सजा सुनाई जा चुकी है.











