ब्रेकिंग : कार और टैंकर की टक्कर में बच्चे सहित 3 शिक्षिका गंभीर रूप से घायल, स्कूल से लौटते समय रांची – मुरी मार्ग हुआ हादसा

अनगड़ा : रांची- मुरी मार्ग पर गोंदलीपोखर में सोमवार दोपहर एक टैंकर और कार में आमने-सामने टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना में तीन टीचर घायल हो गये.
बताया गया कि राजाडेरा स्थित सरकारी विद्यालय में छुट्टी होने के बाद वहां कार्यरत शिक्षिका आभा मिंज (58 वर्ष), अंजू कुमारी (38 वर्ष), रीता महतो (38 वर्ष) कार (जेएच 01 एएल 9437) पर सवार होकर रांची जा रही थी. इसी दौरान एक ऑटो को ओवरटेक करने के दौरान कार विपरीत दिशा से आ रहे टैंकर (जेएच 01 एएस 1134) से जा टकरायी.
घटना में तीनों टीचर को चोटें आयी. आगे सीट पर बैठी आभा मिंज को सिर पर गंभीर चोट आयी. घायलों को तत्काल सीएचसी अनगड़ा ले जाया गया. यहां प्राथमिक उपचार किया गया. आभा मिंज की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे मेडिका रेफर किया गया. घटना में रीता महतो के दो वर्षीय बच्चे आदर्श राज को भी चोटें आयी है. घटना की सूचना पर पहुंचे अनगड़ा पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है.











