रांची के बाद अब जयपुर में भी ‘बेटी का कातिलाना लालच’! नौकरी और करोड़ों की संपत्ति के लिए मां की हत्या का आरोप

रांची/जयपुर। कुछ महीने पहले झारखंड की राजधानी रांची में एक बेटी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। अब राजस्थान की राजधानी जयपुर से भी ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती पर सरकारी नौकरी और करोड़ों रुपये की संपत्ति के लालच में अपनी ही मां की हत्या करवाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि सड़क हादसा दिखने वाली यह घटना दरअसल सुनियोजित मर्डर थी।
जानिये क्या है पूरा मामला
मामला जयपुर के प्रताप नगर इलाके का है। यहां 3 जुलाई को 45 वर्षीय नीरज शर्मा की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना माना गया, लेकिन मृतका के भाई राकेश शर्मा की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतका की 23 वर्षीय बेटी आयुषी शर्मा अपनी मां की सरकारी नौकरी और परिवार की करीब 14 से 15 करोड़ रुपये की संपत्ति हासिल करना चाहती थी। नीरज शर्मा के पति विजय कुमार शर्मा के निधन के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर अदालत में एलडीसी (लिपिक) की नौकरी मिली थी। जांच में सामने आया कि आयुषी खुद यह नौकरी चाहती थी और इसी को लेकर मां से नाराज रहती थी।
बेटी की नजर थी नौकरी-पैसे पर
जांच एजेंसियों का दावा है कि आयुषी ने अपने चाचा, चचेरे भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से टक्कर दिलवाकर हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।
मामले में पुलिस ने आयुषी शर्मा, उसके चाचा मोहन स्वरूप सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी बलराम शर्मा अब भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मामा के शक ने खोला मौत का राज
मृतका के भाई राकेश शर्मा का आरोप है कि हत्या के पीछे सरकारी नौकरी और करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश थी। उनका कहना है कि हत्या के लिए दी गई कथित सुपारी की रकम अब तक बरामद नहीं हुई है और कई अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवार की ओर से मिली शिकायत के सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में सामने आने वाले हर तथ्य के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले रांची में भी एक नाबालिग लड़की पर अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते लालच और अपराध की भयावह तस्वीर को फिर उजागर कर दिया है।












