झारखंड विधानसभा में सुबह-सुबह बड़ा सियासी ट्विस्ट! BJP विधायक गायब, सदन में गूंजा CM हेमंत सोरेन का जन्मदिन

Ranchi: झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सियासी तस्वीर कुछ अलग नजर आई। सुबह 11 बजकर 6 मिनट पर कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन सदन में भाजपा का कोई भी विधायक मौजूद नहीं था। भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी के बीच सत्ता पक्ष के सदस्यों के साथ सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी।
इसी दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आज मुख्यमंत्री का जन्मदिन है। इस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
पशुपालन योजनाओं को लेकर सरकार का बड़ा जवाब
विधानसभा में कोलेबिरा विधायक बिक्सल कोंगाड़ी की ओर से पशुपालन योजनाओं का लाभ मिलने से जुड़े सवाल पर सरकार ने जवाब दिया। सरकार ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के बजट में योजनाओं के संचालन और विभिन्न कार्यों के लिए प्रावधान किया जाता रहा है।
सरकार के मुताबिक आने वाले समय में बजट में बढ़ोतरी के साथ ज्यादा से ज्यादा योजनाओं को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य पशुपालकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विभाग की योजनाओं का विस्तार करना है।
पहली बार शुरू किया गया पशुपालन योजना बोर्ड
सरकार ने विधानसभा में बताया कि पशुपालकों के हित को ध्यान में रखते हुए पहली बार पशुपालन योजना बोर्ड की शुरुआत भी की गई है। सरकार का कहना है कि विभाग लगातार नई योजनाओं के माध्यम से पशुपालकों को लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है।
वहीं, मॉनसून सत्र के तीसरे दिन भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी ने सदन की शुरुआत को सियासी तौर पर खास बना दिया है। अब आगे की कार्यवाही में विपक्ष की मौजूदगी और रुख पर भी नजर रहेगी।












