जमशेदपुर में गोली मारकर हत्या: उपमुखिया पति को देर रात मार दी गोली, बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम , पुलिस जांच में जुटी

Murder in Jamshedpur: Deputy village head's husband shot dead late at night; the crime was committed by motorcycle-borne assailants; police are investigating.

जमशेदपुर। झारखंड से एक बड़ी खबर है। जमशेदपुर के गालूडीह थाना क्षेत्र में उपमुखिया के पति और प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो को नकाबपोश अपराधियों ने गोली मार दी।

मकर संक्रांति पर्व के दिन महिलाओं की भीड़ के बीच हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने उपमुखिया आशारानी महतो के पति और प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो की गोली मारकर हत्या कर दी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

यह वारदात खड़िकालोनी स्थित उनके प्रज्ञा केंद्र में हुई, जहां वह पिछले करीब दो वर्षों से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहे थे।घटना मकर संक्रांति पर्व के दिन की है। त्योहार के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं अपने खातों से पैसे की निकासी के लिए प्रज्ञा केंद्र पहुंची थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब आठ बजे तक केंद्र में महिलाओं की भीड़ लगी हुई थी और ऑनलाइन लेन-देन का काम चल रहा था। इसी बीच दो नकाबपोश अपराधी बाइक से प्रज्ञा केंद्र पहुंचे।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

पहचान पूछने के बाद चली गोलियां
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों अपराधी केंद्र में दाखिल हुए और सबसे पहले तारापद महतो से उनका परिचय पूछा। जैसे ही उन्होंने अपनी पहचान बताई, एक अपराधी ने पिस्तौल निकाल ली और बेहद नजदीक से दो गोलियां दाग दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से केंद्र में मौजूद महिलाएं और अन्य लोग घबरा गए। गोलियां लगते ही तारापद महतो जमीन पर गिर पड़े।

इसके बाद दोनों नकाबपोश अपराधी तेजी से बाइक पर सवार होकर जमशेदपुर की ओर फरार हो गए।गोली लगने से गंभीर रूप से घायल तारापद महतो को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रज्ञा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज से कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भी लगे कैमरों की जांच की जा रही है, जिससे अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

कई एंगल से जांच
इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कई संभावित कारणों पर पुलिस जांच कर रही है। प्रज्ञा केंद्र से जुड़े लेन-देन, किसी पुराने विवाद, आपराधिक रंजिश या फिर लूट की नीयत—इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अपराधियों ने वारदात को इतनी भीड़ के बीच क्यों अंजाम दिया और क्या उन्हें पहले से तारापद महतो की मौजूदगी की जानकारी थी।

इलाके में दहशत, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्रज्ञा केंद्र के जरिए बैंकिंग सुविधाओं पर निर्भर ग्रामीण महिलाएं और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उपमुखिया के पति की इस तरह हत्या होने से पंचायत क्षेत्र में आक्रोश भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Related Articles

close