Dumka Road Accident: एक ही रात में दो भीषण हादसे, 3 घरों में पसरा मातम… मौत के बाद गुस्से में उतरे ग्रामीण, सड़क जाम
शिकारीपाड़ा में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में तीन बाइक सवारों की मौत, एक युवक गंभीर; मुआवजे की मांग को लेकर दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर हंगामा

दुमका। झारखंड के दुमका जिले में सोमवार की रात सड़क हादसों ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसों के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और मुआवजे की मांग को लेकर पत्ताबाड़ी के पास दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया गया।
तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर
पहला हादसा सरसडंगाल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। दोनों युवक हटिया से वापस लौट रहे थे।
टक्कर के बाद बाइक सवार सरकार हेंब्रम की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल रामपुरहाट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
खराब हाईवा से जा भिड़ी बाइक, दो की मौत
दूसरा हादसा पत्ताबाड़ी के पास रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खराब हालत में खड़ी हाईवा में पीछे से एक बाइक जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रात में ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मकसूद अंसारी, निवासी बरमसिया और अकबर अंसारी, निवासी शहर घाटी गांव के रूप में हुई है।
मौत की खबर मिलते ही सड़क पर उतरे ग्रामीण
दो युवकों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। बताया जा रहा है कि करीब रात एक बजे लोगों ने पत्ताबाड़ी के पास दुमका-रामपुरहाट मार्ग जाम कर दिया।
सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों के मुताबिक, बाइक को छोड़कर अन्य चार पहिया वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा है।
मुआवजा मिलने तक ट्रकों का परिचालन रोकने की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मुआवजे को लेकर ठोस पहल नहीं होती, तब तक ट्रकों का परिचालन शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
इधर, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम खत्म कराने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल, सड़क जाम के कारण दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर यातायात प्रभावित है और मौके पर प्रशासन की निगरानी बनी हुई है।












