शिक्षामंत्री को इस्तीफा लिखना नहीं आता…महुआ मोइत्रा का बड़ा हमला, धर्मेंद्र प्रधान पर कसा तीखा तंज
NEET विवाद और छात्रों के प्रदर्शन के बीच TMC सांसद का बयान वायरल, RSS पर भी साधा निशाना

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक विवाद और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऐसा बयान दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
महुआ मोइत्रा ने अपने पोस्ट में लिखा, “शायद शिक्षा मंत्री को इस्तीफा लिखना नहीं आता, RSS सिर्फ मर्सी पिटीशन लिखना सिखाता है।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।
इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन
NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कई छात्र संगठन लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए।
इसी मांग को लेकर 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई।
NEET विवाद पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने
NEET पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय को घेर रहा है। संसद के मानसून सत्र में भी इस मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष छात्रों के हितों और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।
वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।












