देवघर में खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी, कई दुकानों की जांच, संदिग्ध 1060 किलो पेड़ा नष्ट; मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों को सख्त चेतावनी।

श्रावणी मेला में बड़ी कार्रवाई! 10 क्विंटल से ज्यादा पेड़ा पर चला जेसीबी, खाद्य विभाग के एक्शन से मचा हड़कंप

Deoghar News: श्रावणी मेला में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। देवघर के घोरमारा क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर 1060 किलोग्राम (करीब 10 क्विंटल) संदिग्ध पेड़ा जब्त कर उसे जेसीबी मशीन से नष्ट करा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

कई दुकानों पर एक साथ छापेमारी

खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल ने अभियान के दौरान माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड सहित कई प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच की गई।

निरीक्षण के बाद दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

ओमजी पेड़ा भंडार से जब्त हुआ 1060 किलो संदिग्ध पेड़ा

अभियान के दौरान ओमजी पेड़ा भंडार से जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को मौके पर ही जेसीबी मशीन की मदद से नष्ट कराया गया। विभाग का कहना है कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

श्रावणी मेला तक लगातार चलेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कोई कारोबारी मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण या बिक्री में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दुकानदारों और श्रद्धालुओं से की अपील

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से केवल मानक अनुरूप एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री का निर्माण और विक्रय करने, स्वच्छता के नियमों का पालन करने तथा वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के साथ ही कारोबार करने की अपील की है।

साथ ही श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि यदि कहीं मिलावटी, संदिग्ध या असुरक्षित खाद्य पदार्थ बिकते दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close