तेज रफ्तार का कहर : ऑटो पलटने से 1 बच्चे की दर्दनाक मौत, कई घायल

भवनाथपुर : भवनाथपुर केतार मुख्य मार्ग पर हरिचन मोड़ के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार टेम्पो पलटने से एक बच्चा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उस पर सवार आधा दर्जन महिला पुरुष घायल हो गए। मृतक श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के पाल्हे गाँव निवासी आशीष राम के आठ वर्षीय पुत्र शुभम कुमार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार श्रीधन राम व सोनी देवी टेम्पो पर सवार होकर बीजडीह से श्रीबंशीधर नगर के बारोडीह गाँव शादी में शामिल होने जा रहा था, जबकि उसी टेम्पो से सुगिया देवी, फुलमानी कुंवर, ललिता देवी व शुभम कुमार रपुरा गांव स्थित अपने रिस्तेदार के शादी समारोह से अपने घर पाल्हे लौट रहे थे। तभी भवनाथपुर केतार मुख्य मार्ग पर सिंघिताली गाँव स्थित हरिचन मोड़ पर तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे दबने से शुभम कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीँ अन्य टेम्पो सवार लोग घायल हो गए।
घायलों में केतार थाना क्षेत्र के बीजडीह गांव निवासी श्रीधन राम, सोनी देवी पति कृपाशंकर पासवान, पाल्हे के फूलमनी कुँवर 65 वर्ष, ललिता देवी पति अनिरुद्ध राम, सुगिया देवी पति राजेश राम का नाम शामिल है।
सभी घायलों को रास्ते से गुजर रहे युवको ने घटनास्थल से उठाकर ईलाज हेतु स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, वहाँ चिकित्सको द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद श्रीधन राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय, एसआई आरपी इंदवार, कुंदन यादव अस्पताल पहुंचे तथा शव को अंत्यपरीक्षण हेतु सदर अस्पताल गढ़वा भेजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो को जब्त कर लिया है।












