Jamshedpur Murder Case: हिमांशु सिंह हत्याकांड में आया बड़ा अपडेट, मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने किया कोर्ट में सरेंडर, भेजा गया जेल
Jamshedpur Murder Case: Major update in the Himanshu Singh murder case; prime accused Vishwanath Mandal surrendered in court and has been sent to jail.

जमशेदपुर। झारखंड के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में बड़ा अपडेट है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने आखिरकार जमशेदपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका का खुलासा हो सके।
पुलिस से बचता रहा, आखिर कोर्ट में किया सरेंडर
आपको बता दें कि घटना के बाद से पुलिस लगातार विश्वनाथ मंडल की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा। आखिरकार उसने सीधे अदालत में सरेंडर कर दिया। अब पुलिस अदालत से रिमांड की मांग कर उससे पूछताछ करेगी।
27 जून की रात हुई थी सनसनीखेज हत्या
यह मामला 27 जून की रात का है। जहां बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में दो युवकों को कथित तौर पर पुलिस की जीप से बाहर खींचकर धारदार हथियार से हमला किया गया था। हमले में हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं प्रत्युष आनंद गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका इलाज अभी भी जारी है।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ हमला, उठे कई सवाल
इस घटना ने इसलिए भी सुर्खियां बटोरीं क्योंकि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस के सामने ही दोनों युवकों पर हमला कर दिया, लेकिन तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे।
वीडियो में चापड़ से हमला करते दिखा आरोपी
जांच के दौरान सामने आए वीडियो में विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा कथित रूप से चापड़ से हमला करता दिखाई दिया था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी बनाया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
11 आरोपी नामजद, 10 अब न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने इस हत्याकांड में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया है। विश्वनाथ मंडल के सरेंडर के बाद अब 10 आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी भी जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।इस मामले में डीडी बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। फिलहाल वह भी न्यायिक हिरासत में हैं।












