Jamtara Traffic Alert: युवक की मौत के बाद सड़क पर उतरा भारी आक्रोश, लगा लंबा जाम; घर से निकलने से पहले देखें अपडेट
Jamtara Traffic Alert: Massive Outrage Erupts on Road Following Youth's Death, Causing Major Traffic Jam; Check Updates Before Leaving Home.

जामताड़ा शहर में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक स्कूटी डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और नाराज लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर दिया।
पेट्रोल पंप में घुसते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर एक डंपर पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। उसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पंप की तरफ मुड़े।
बताया जा रहा है कि इसी बीच स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक स्कूटी समेत डंपर के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तीलाबाद के रोनित राय की गई जान
मृत युवक की पहचान रोनित राय के रूप में हुई है। वह जामताड़ा शहर के तीलाबाद इलाके का रहने वाला था।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकाला।
दो घायल युवकों को धनबाद रेफर किया गया
घटना में घायल दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को पहले जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
टाइगर मोबाइल जवानों ने दिखाई फुर्ती
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और हालात को नियंत्रित करने में जुट गया।
मौके पर अनंत कुमार और वसीम रजा भी पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
युवक की मौत से नाराज स्थानीय लोगों ने दुमका रोड मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे लोग दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
घटना के बाद इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों पर सख्ती बढ़ाने और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।












