झारखंड कैबिनेट के 49 फैसलों पर मुहर: 6 अगस्त से विधानसभा का मानसून सत्र, दो नए डिग्री कॉलेज समेत कई बड़े निर्णय

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई झारखंड मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक में 49 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी विकास, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक मामलों से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। साथ ही यह भी तय किया गया कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा।
गिरिडीह और रामगढ़ में बनेंगे नए डिग्री कॉलेज
उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट ने दो नए डिग्री कॉलेजों के निर्माण को मंजूरी दी है।
• गिरिडीह के जमुआ में लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से नया डिग्री कॉलेज बनेगा।
• रामगढ़ के मांडू में डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए 40.14 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा को मिली मंजूरी
राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा शुरू करने का फैसला लिया गया। इस पर करीब 9.45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
धनबाद मेडिकल कॉलेज को 194 करोड़
धनबाद स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 194 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में नक्शा पास करने के नए नियम
सरकार ने निर्णय लिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब केवल उन्हीं भवनों का नक्शा स्वीकृत होगा, जहां सड़क की न्यूनतम चौड़ाई 4.30 मीटर होगी।
आदित्यपुर में बनेगी नई नगर निगम भवन
आदित्यपुर में नए नगर निगम भवन के निर्माण के लिए 39 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित छात्रों को बड़ी राहत
सिकल सेल रोग, थैलेसीमिया, हीमोफिलिया, टाइप-1 मधुमेह सहित अन्य गंभीर बीमारियों और दिव्यांग बच्चों को बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति की शर्त में छूट देने संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को मंजूरी दी गई।
कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी
कैबिनेट की बैठक में विभिन्न जिलों के लिए कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसके तहत पूर्वी सिंहभूम में भुईंयांसिनान-सुसनी मार्ग (22.44 किमी) के पुनर्निर्माण के लिए 102.40 करोड़ और दुमका जिले में खेराबानी-रानीघाघर पथ के लिए 53.73 करोड़ की मंजूरी दी गई। इसी तरह ते गुमला में घाघरा-जोकारी पथ के लिए 101.77 करोड़ और परवल-करंज पथ के लिए 76.75 करोड़ मंजूर किए गए। रांची में टांगरबसली मोड़-बोबरो मोड़ पथ के लिए 63.77 करोड़ की मंजूरी दी गई।









