Jharkhand Education Department: शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 74 कर्मचारियों का तबादला; लंबे समय से एक ही जगह पर जमे कर्मचारियों का हुआ ट्रांसफर
Jharkhand Education Department: Major reshuffle in the Education Department; 74 employees transferred; staff members who had been stationed at the same location for a long time have been moved.

Transfer News। शिक्षा विभाग में तबादलों का दौर जारी है। अधिकारियों के बाद अब कर्मचारियों के भी तबादले के गये हैं। झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में शिक्षा विभाग के भीतर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (आरजेडीई) कार्यालय ने सात जिलों के शिक्षा कार्यालयों में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ 74 कर्मचारियों का सामूहिक तबादला और पदस्थापन कर दिया है। इसकी आधिकारिक सूची जारी की गई है।
लंबे समय से जमे कर्मचारियों का हुआ तबादला
जारी आदेश के मुताबिक हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिलों के शिक्षा कार्यालयों में लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को स्थानांतरित किया गया है।तबादला सूची के मुताबिक सबसे ज्यादा उन कर्मचारियों का ट्रांसफर हुआ है, जो 6 साल से अधिक समय से एक ही जिले में पदस्थ थे। एक ही जिले में 6 वर्ष से अधिक समय से पदस्थ 41 कर्मचारियों का तबादला हुआ। वहीं एक ही कार्यालय में 3 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत 23 कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया। जबकि 8 से 12 वर्ष तक एक ही स्थान पर कार्यरत 10 कर्मचारियों को भी नए जिले या कार्यालय में भेजा गया।
हजारीबाग DEO कार्यालय के बदले पुराने चेहरे
इस प्रशासनिक फेरबदल का सबसे अधिक असर हजारीबाग जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय पर पड़ा है। यहां लंबे समय से कार्यरत कई कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया गया है।
• केशव कुमार और अंकित कुमार को डीईओ कार्यालय से डीएसई कार्यालय, हजारीबाग भेजा गया है।
• लिपिक कुमार परमानंदम का तबादला रामगढ़ किया गया है।
• परवेज आलम को चतरा में नई जिम्मेदारी मिली है।
• वहीं डीएसई कार्यालय हजारीबाग में पदस्थ संजीव कुमार को धनबाद स्थानांतरित किया गया है।
नई डीईओ ने लिया चार्ज
इसी बीच शनिवार (4 जुलाई 2026) को कुमारी नीलम ने हजारीबाग की नई जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्हें उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (आरजेडीई) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।पदभार ग्रहण करने के बाद कुमारी नीलम ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार मिलने के कारण हजारीबाग के अलावा चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिलों की शिक्षा व्यवस्था की भी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।









