झारखंड: बिना वैरिफिकेशन अगर रखा किरायेदार, तो जाना पड़ेगा जेल, मकान मालिकों पर पुलिस की सख्ती, जानिये क्या करना होगा

बोकारो पुलिस ने जिलेभर में किरायेदारों के पुलिस सत्यापन का विशेष अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन के किरायेदार रखने पर यदि वह किसी अपराध में शामिल पाया गया तो मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बोकारो: घर को किराये पर देने वाले मकान मालिकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। अब किराये देने से पहले वैरिफिकेशन जरूरी हो गया है। इस संबंध में एसपी ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक अगर आप बोकारो जिले में अपने मकान, फ्लैट, दुकान या किसी व्यावसायिक परिसर को किराए पर देने की योजना बना रहे हैं या पहले से किरायेदार रखे हुए हैं, तो किरायेदारों का पुलिस सत्यापन (Police Verification) कराना होगा।

जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बिना पुलिस सत्यापन के रखा गया कोई किरायेदार भविष्य में किसी गैर-कानूनी गतिविधि या आपराधिक मामले में शामिल पाया जाता है, तो केवल आरोपी ही नहीं बल्कि संबंधित मकान मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस मकान मालिक की भूमिका की भी जांच करेगी और आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

अधिकारियों को सौंपा गया विशेष अभियान का जिम्मा

इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एसपी नाथू सिंह मीणा ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, चास एएसपी वेदांत शंकर समेत सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को अपने-अपने क्षेत्रों में किरायेदारों का सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर किरायेदारों का सत्यापन कराने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।

मकान मालिकों को क्या करना होगा?

पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को किराए पर मकान, फ्लैट या दुकान देने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। इसके लिए संबंधित थाने में किरायेदार की पहचान संबंधी दस्तावेज, पता और आवश्यक जानकारी जमा करनी होगी।यदि कोई किरायेदार पुलिस सत्यापन कराने में सहयोग नहीं करता या आवश्यक दस्तावेज देने से इनकार करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना प्रभारी को देने के लिए कहा गया है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

अपराध पर लगाम लगाने की तैयारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई बार अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति फर्जी पहचान के आधार पर किराए के मकानों में रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। ऐसे मामलों पर रोक लगाने और जिले की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस टीम घर-घर जाकर किरायेदारों का सत्यापन करेगी और आवश्यक जानकारी जुटाएगी।

एसपी की दो टूक चेतावनी

एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि “आवास या व्यावसायिक परिसर को किराए पर लेकर किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों का जल्द से जल्द पुलिस सत्यापन कराएं। यदि कोई किरायेदार सत्यापन में सहयोग नहीं करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाने को दें।”पुलिस ने साफ किया है कि यह अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा और इसमें लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close