झारखंड शिक्षक भर्ती : जनवरी-फरवरी में आयोग ले सकता है परीक्षा, माध्यमिक आचार्य के 26000 से ज्यादा आवेदन रद्द, जानिये क्या है वजह
Jharkhand Teacher Recruitment: Commission may conduct exam in January-February, over 26,000 applications for Secondary Teacher cancelled, find out the reason

रांची। झारखंड में शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट है। माध्यमिक आचार्य के पदों पर नियुक्ति को लेकर जेएसएससी ने नयी जानकारी दी है। 2026 की शुरुआत झारखंड माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के आयोजन से होगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने संकेत दिया है कि इस परीक्षा का आयोजन अगले वर्ष जनवरी माह के मध्य में किया जा सकता है।
हालांकि, परीक्षा की तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही परीक्षा तिथि घोषित कर दी जाएगी। आयोग ने इस प्रतियोगिता परीक्षा के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने कुल 26,301 ऑनलाइन आवेदन रद्द कर दिए हैं।
इस संबंध में आयोग ने मंगलवार को रद्द किए गए आवेदनों की सूची भी जारी कर दी है। आयोग के अनुसार, इन आवेदनों को विभिन्न तकनीकी और प्रक्रिया संबंधी कारणों से अधूरा पाया गया, जिस वजह से इन्हें निरस्त करना पड़ा।
आवेदन रद्द होने के प्रमुख कारण
जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 20,776 आवेदन ऐसे थे, जिनमें अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक चरण की प्रक्रिया तो पूरी कर ली थी, लेकिन परीक्षा शुल्क का भुगतान नहीं किया गया। शुल्क जमा नहीं होने के कारण ये सभी आवेदन स्वतः अमान्य हो गए।
इसके अलावा, 4,832 आवेदनों में केवल प्रारंभिक चरण ही पूरा किया गया था, आगे की प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। वहीं, 121 मामलों में अभ्यर्थियों ने परीक्षा शुल्क का भुगतान तो कर दिया, लेकिन फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए। इस तरह कुल 26,301 आवेदन अधूरे पाए जाने के कारण रद्द कर दिए गए।
आवेदन प्रक्रिया और नई नियुक्तियां
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 जून से 27 जुलाई तक चली थी। इस परीक्षा के माध्यम से कई विषयों में पहली बार माध्यमिक स्तर के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी एंड डेटा साइंस, कंप्यूटर साइंस, अप्लाइड इंग्लिश जैसे आधुनिक और तकनीकी विषय शामिल हैं। इन विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति से राज्य के माध्यमिक शिक्षा स्तर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
हाईकोर्ट को दिया गया आश्वासन
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इस नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में भी अपना पक्ष रखा है। एक याचिका की सुनवाई के दौरान आयोग ने अदालत को यह आश्वासन दिया है कि माध्यमिक आचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया जनवरी 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद हाईकोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई मार्च 2026 में निर्धारित की है।
यह याचिका कालेश्वर महतो द्वारा दाखिल की गई है, जिसमें माध्यमिक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई थी।इस बीच आयोग ने प्रतियोगिता परीक्षा के तहत अंग्रेजी विषय के पाठ्यक्रम में भी सुधार किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की विवरणिका में अप्लाइड इंग्लिश विषय के पाठ्यक्रम में प्रत्येक खंड के लिए 20 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) अंकित कर दिए गए हैं। आंशिक संशोधन के साथ इस विषय का संशोधित पाठ्यक्रम दोबारा प्रकाशित किया गया है।












