झारखंड: चोरों ने अब स्कूलों पर ही बोल दिया धावा, लाखों के सामान की चोरी, जाते-जाते तोड़फोड़ भी करके गये…
Jharkhand: Thieves have now targeted schools; goods worth lakhs were stolen, and they even resorted to vandalism before leaving...

गिरिडीह। चोरों का उत्पात कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। घर और दुकान के अलावे अब चोर स्कूल को भी निशाना बनाने लगे हैं। झारखंड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित धनयडीह से ऐसा ही मामला आया है। जहां पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़ की बड़ी घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों ने विद्यालय के नए भवन में घुसकर कई कमरों के ताले तोड़ दिए और लाखों रुपये मूल्य के शैक्षणिक उपकरण व अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
सुबह मिली घटना की जानकारी
घटना की सूचना उस वक्त मिली, जब सुबह शिक्षक स्कूल पहुंचे। बताया जा रहा है कि 13 जुलाई को विद्यालय के नोडल शिक्षक भवन में ताला लगाकर गए थे। अगले दिन सुबह करीब 5:15 बजे विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने सूचना दी कि स्कूल के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है।सूचना मिलने पर प्राचार्य सुबह लगभग 7 बजे विद्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय, पुस्तकालय और प्रयोगशाला सहित कक्ष संख्या 01, 02, 04 और 05 के ताले और दरवाजों की कुंडियां टूटी हुई मिलीं।
ये सामान हुआ चोरी
प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर विद्यालय से कई महत्वपूर्ण उपकरण लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में शामिल हैं—
• साउंड बॉक्स
• माइक्रोफोन
• प्रोजेक्टर का यूपीएस
• प्रयोगशाला की कई सामग्री
• तीन सीलिंग पंखे
• अन्य शैक्षणिक उपकरण
इसके अलावा कई सामानों को तोड़कर भी क्षतिग्रस्त किया गया है।
पुलिस को दी गई सूचना
विद्यालय प्रशासन ने घटना की जानकारी तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। प्राचार्य ने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और शिक्षकों के बयान भी पुलिस को उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।








