स्कूली छात्राएं और ग्रामीण पर गिरी बिजली, 1 की मौत 4 घायल, अस्पताल में भर्ती

गढ़वा । भवनाथपुर में बुधवार की दोपहर में तेज बारिश के बीच हुई वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि चार छात्राऐं गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार मकरी के निमिया टोला निवासी छठु राम अपने घर के बाहर बैठे थे कि अचानक हुई वज्रपात में उसकी मौत हो गई।

घायल छात्राओं में थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी सुरेंद्र मेहता की पुत्री ज्योति कुमारी 15 वर्ष, रमजान अंसारी के पुत्री शब्बू निशा 15 वर्ष, सीताराम मेहता की पुत्री रुपांजलि कुमारी 16 वर्ष तथा चपरी निवासी संजय साह की पुत्री सपना कुमारी 16 वर्ष का नाम शामिल है। घर पंहुचने से कुछ दूर पहले ही चारो छात्राओं को घायल देख स्थानीय लोगो के सहयोग से ईलाज हेतु स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर लाया गया।
ड्यूटी पर तैनात आयुष चिकित्सक नितीश भारती के द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल उक्त सभी छात्राओं को बेहतर ईलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार उक्त सभी छात्रा भवनाथपुर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की 10वीं कक्षा में पढ़ती है। बुधवार के दोपहर 2 बजे स्कूल के छुट्टी के बाद उक्त चारो छात्रा अपने घर जा रही थी, तभी बीच रास्ते में ही तेज बारिश के बीच हुई अचानक वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।












