80वें स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में गूंजा देशभक्ति का जोश, CM साय ने फहराया तिरंगा; 17 प्लाटूनों ने दिखाया दम

परेड में ITBP ने मारी बाजी, महिला छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल बनी राज्य वर्ग की विजेता; NCC गर्ल्स ने भी जीता पहला स्थान

रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और भव्य परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी पढ़ा।

17 प्लाटूनों के मार्च पास्ट ने बांधा समां

समारोह में कुल 17 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि परेड-टू-आईसी की जिम्मेदारी निशांत गौरव कुर्रे ने संभाली।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इस बार बिहार प्रदेश की पुलिस टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग के तहत परेड में शामिल किया गया। परेड में BSF, CRPF, ITBP, CISF, SSB, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।

महिला बैगपाइपर बैंड ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति से समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

केंद्रीय बलों में ITBP ने हासिल किया पहला स्थान

परेड के केंद्रीय बल वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री ने विजेता दल को 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

वहीं BSF दूसरे और CRPF तीसरे स्थान पर रहा। BSF की टुकड़ी को 3 हजार रुपये और CRPF की टुकड़ी को 2 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

राज्य बलों में महिला सशस्त्र बल ने मारी बाजी

राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला) की टुकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।

छत्तीसगढ़ जेल पुलिस दूसरे स्थान पर रही, जिसे 3 हजार रुपये और ट्रॉफी दी गई। वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (पुरुष) ने तीसरा स्थान हासिल किया और उसे 2 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

NCC गर्ल्स ने भी जीता पहला स्थान

कंटीजेंट NCC वर्ग में NCC गर्ल्स ने पहला और NCC बॉयज ने दूसरा स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

परेड से जुड़े अधिकारियों और टीमों को भी सम्मान

समारोह में परेड-टू-आईसी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर राज कपूर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसके अलावा परेड की प्रस्तुतियों में सहयोग के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में जवानों का अनुशासन, महिला दलों की शानदार भागीदारी, घुड़सवारों के करतब और विभिन्न सुरक्षा बलों के मार्च पास्ट ने पूरे पुलिस परेड ग्राउंड को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close