36 साल की सेवा का सम्मान… धमतरी के ASI रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक, 10 पुलिसकर्मी भी हुए सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को पदक व राज्य स्तरीय पुरस्कारों से किया अलंकृत

रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के 80वें अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और असाधारण कार्यकुशलता के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रतिष्ठित पदक और राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए।
36 साल की सेवा के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक
रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और आधारभूत प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय पुलिस पदक
सराहनीय सेवाओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आधुनिक नवाचारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुल 10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026 प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में—
- पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह
- पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर राजश्री मिश्रा
- पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा
- सेनानी 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई निवेदिता पॉल
- सेनानी 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद मनीषा ठाकुर रावटे
- पुलिस उपायुक्त रायपुर तारकेश्वर पटेल
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर उनैजा खातून अंसारी
- सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई जयलाल मरकाम
- प्लाटून कमांडर 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद हजारी लाल साहू
शामिल हैं।
बाढ़ बचाव और गोताखोरी में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
आपदा प्रबंधन, राहत कार्य और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर सेना के दो जवानों को गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य के लिए, जबकि नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्यों के लिए यह सम्मान मिला।
कमजोर वर्गों और महिला-बाल सुरक्षा में भी उत्कृष्ट कार्य का सम्मान
वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों के तहत कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को गुरु घासीदास पुरस्कार से नवाजा गया। उन्हें 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को कमजोर वर्गों एवं महिला-बाल संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल पुरस्कार और रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार दिया गया। दोनों पुरस्कारों के तहत 50-50 हजार रुपये नकद तथा रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
गरियाबंद की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार दिया गया। वहीं अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) बिलासपुर डी.आर. टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार के तहत 25 हजार रुपये नकद और प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
जवानों की अनुशासित परेड ने बढ़ाया समारोह का गौरव
समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री (कोरबा) विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई।
परेड में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पदक और पुरस्कारों से सम्मानित पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों ने कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा के प्रति अपने समर्पण की मिसाल पेश की।












