राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के बच्चों ने जीता दिल! नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी, सुवा नृत्य ने बटोरी खूब तारीफ

राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद रायपुर लौटे प्रतिभावान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात; साझा किए राष्ट्रपति भवन के यादगार अनुभव

रायपुर, 1 सितंबर 2026। राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा और समृद्ध लोक संस्कृति की शानदार झलक पेश कर लौटे प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में गर्व की बात है। प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति के जरिए छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

राष्ट्रपति से मुलाकात को बताया जीवन का अविस्मरणीय अनुभव

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी यात्रा और राष्ट्रपति भवन में हुए कार्यक्रम की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करना उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहा।

विद्यार्थियों के मुताबिक, राष्ट्रपति ने उनसे बेहद सहज और आत्मीय तरीके से बातचीत की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

जब राष्ट्रपति ने नुकेश को खुद बांधी राखी

राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक और यादगार क्षण उस समय आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी।

राष्ट्रपति के इस आत्मीय स्नेह ने नुकेश के साथ वहां मौजूद अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी भावुक कर दिया। यह पल उनके लिए जीवनभर संजोकर रखने वाली याद बन गया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

राष्ट्रपति भवन में गूंजा छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य

इस खास मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।

लोक परंपरा, गीत-संगीत और सांस्कृतिक रंगों से सजी इस प्रस्तुति ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी प्रस्तुति की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा- बच्चों की प्रतिभा को मिले सही मंच

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अवसर बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके सपनों को नई ऊंचाई देने का काम करते हैं।

‘लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया।

उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। जब नई पीढ़ी इसे आत्मसात कर देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो हमारी परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।

इन विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति से की थी मुलाकात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।

इस अवसर पर समग्र शिक्षा की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. मुक्ति बैस और महासमुंद के शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और इस विशेष यात्रा के अनुभव को वे आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाएं और अपनी उपलब्धियों से परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close