झारखंड में मलेरिया का कहर: बारिश के साथ ही मलेरिया ने पसारे पैर, 1731 मिले मलेरिया संक्रमित, 1 की मौत, स्वास्थ्य विभाग एक्शन में
Malaria Outbreak in Jharkhand: Cases Surge with the Onset of Rains; 1,731 Infected, 1 Death Reported; Health Department Swings into Action.

जमशेदपुर। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मलेरिया से संक्रमित एक और मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान जादूगोड़ा क्षेत्र के झरिया गांव निवासी रितिक सिंह के रूप में हुई है। एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही जिले में मलेरिया से मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में मलेरिया संक्रमण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अब तक विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान 1,731 लोगों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। लगातार नए मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है।
लगातार चल रही जांच और निगरानी
स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों और इलाकों में घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं। बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण मिलने पर तत्काल जांच कर उपचार शुरू किया जा रहा है। साथ ही संक्रमित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव और अन्य आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं।
जागरूकता अभियान भी तेज
मलेरिया की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, जनसंपर्क कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी जा रही है।स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द या शरीर दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं इलाज करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, ताकि समय रहते उपचार शुरू किया जा सके।









