अब इंसान नहीं, AI करेगा आपकी कमाई का फैसला! शेयर मार्केट में उतरते ही बढ़ा डर, कहीं एक क्लिक में खाली न हो जाए अकाउंट
ChatGPT और Claude को मिलेगा पैसे और ट्रेडिंग का कंट्रोल, नई तकनीक ने दुनिया भर में छेड़ी बहस

नई दिल्ली।
क्या अब शेयर मार्केट में इंसानों की जगह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लेने जा रहा है? क्या आने वाले समय में आपकी कमाई, निवेश और खरीदारी का पूरा कंट्रोल मशीनों के हाथ में होगा? इन सवालों ने दुनियाभर के टेक और फाइनेंस सेक्टर में हलचल मचा दी है। वजह है अमेरिका के चर्चित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म Robinhood का नया AI फीचर, जिसने लोगों को अपने पैसों की जिम्मेदारी AI एजेंट्स को सौंपने का रास्ता खोल दिया है।
अब तक लोग ChatGPT और Claude जैसे AI टूल्स से सवाल पूछते थे, कंटेंट लिखवाते थे या सलाह लेते थे। लेकिन अब यही AI आपके लिए शेयर खरीदेंगे, बेचेंगे और आपके पैसों से ट्रेडिंग भी करेंगे। Robinhood ने अपने लेटेस्ट अपडेट में ऐसा फीचर लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स थर्ड पार्टी AI एजेंट्स की मदद से ऑटोमैटिक ट्रेडिंग कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, इसके लिए यूजर्स को एक अलग “एजेंटिक ट्रेडिंग अकाउंट” खोलना होगा। यह अकाउंट उनके मेन अकाउंट से अलग रहेगा, लेकिन AI एजेंट्स इसी अकाउंट से जुड़कर यूजर की तरफ से ट्रेडिंग कर पाएंगे। यानी अब AI तय करेगा कि कौन-सा शेयर कब खरीदना है और कब बेचना है।
हालांकि इस फीचर के सामने आते ही इंटरनेट पर बहस और डर दोनों बढ़ गए हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर AI ने गलती कर दी तो क्या होगा? क्या मशीनों पर भरोसा करके लोग अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में डाल देंगे?
Robinhood ने दावा किया है कि सुरक्षा के लिए कई फीचर्स जोड़े गए हैं। यूजर्स किसी भी समय ऑटोमैटिक ट्रेडिंग रोक सकेंगे, ट्रेड्स का प्रीव्यू देख सकेंगे और एक क्लिक में AI एजेंट का एक्सेस खत्म कर सकेंगे। हर एक्टिविटी की रियल टाइम नोटिफिकेशन भी मिलेगी।
लेकिन कंपनी ने खुद यह चेतावनी भी दी है कि AI आधारित स्ट्रैटजी हर बाजार स्थिति में सही काम नहीं कर सकती। तेजी से बदलते मार्केट में AI गलत फैसले भी ले सकता है और कई बार उसे रियल टाइम में रोकना मुश्किल हो सकता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कंपनी अब AI को सिर्फ ट्रेडिंग तक सीमित नहीं रखना चाहती। Robinhood ने अपने Gold Card यूजर्स के लिए ऐसा फीचर भी लॉन्च किया है, जिसमें AI एजेंट आपके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके खरीदारी तक कर सकेगा।
यानि अब AI आपके लिए कॉन्सर्ट टिकट बुक कर सकता है, महंगे स्नीकर्स सस्ते होते ही खरीद सकता है या मुश्किल से मिलने वाले रेस्टोरेंट स्लॉट की बुकिंग भी कर सकता है। यूजर चाहे तो खरीदारी से पहले मैनुअल अप्रूवल भी ऑन कर सकता है।
हालांकि इंटरनेट पर इस फीचर को लेकर मजाक और चिंता दोनों देखने को मिल रही है। एक यूजर ने मजाक में लिखा, “Claude, ये 20 डॉलर लो और इन्हें 10 लाख डॉलर में बदल दो… बस गलती मत करना।”
फिलहाल AI की यह नई दुनिया लोगों को रोमांचित भी कर रही है और डरा भी रही है। क्योंकि अब सवाल सिर्फ टेक्नोलॉजी का नहीं, बल्कि इंसानों की मेहनत की कमाई और उसके कंट्रोल का भी है।









