टकला दुल्हा देखकर दुल्हन बिदकी, बारात को बैरंग कराया वापस, फिर घराती-बाराती में हुई भिड़ंत

बांका। आजकल शादी टूटने की वजह भी अजीबो गरीब होती जा रही है। नया मामला दुल्हे के गंजे होने का है। टकला दुल्हा देखकर दुल्हन ने बारात को बैरंग लौटा दिया। इधर इस शादी को लेकर बाराती और घराती में जमकर विवाद हुआ। मामला बिहार के बांका जिले के शंभूगंज थाने के गिद्धौरा गांव का है। दरअसल लड़के के सर पर बाल नहीं था, लिहाजा वो विग लगाया करता था, विग लगाकर ही देखा देखी और छेका भी हो गया, लेकिन शादी के दिन दुल्हन को जब ये बातें पता चली, तो उसने बारात को वापस लौटा दिया।
दरअसल, शंभूगंज थाने के गिद्धौरा गांव के सुरेश मंडल के बड़े बेटे अखिलेश कुमार की शादी सुल्तानगंज के कटहरा गांव के प्रसादी मंडल की बेटी प्रियंका कुमारी से तय हुई थी। आरोप है कि युवक अखिलेश कुमार ने अपने सिर पर विग पहनकर शादी तय कर ली। शादी तय होने के बाद लड़की के परिजनों ने 50 हजार रुपये उपहार खरीदने के लिए राशि दे दी। जब लड़के की सच्चाई की जानकारी लड़की को मिली तो वह शादी करने इनकार कर दिया।
इस बीच बारात की बेला भी आ गयी। बारात जब पहुंची, तो बिग लगाये लड़के को देखकर दुल्हन बिदक गयी और शादी से इंकार कर दिया। लड़की के घरवाले पैसे लौटाने की मांग करने लगे। मामला थाना भी पहुंच गया। लड़की पक्ष के लोग थाना पहुंच गये। लड़की के परिजनों ने बताया कि लड़के ने डुप्लीकेट बाल सिर पर पहनकर अपना चेहरा दिखाया था, लेकिन हकीकत कुछ और है। उपहार में दिए गए 50 हजार रुपये वापस लड़की वाले मांग रहे थे। लेकिन, लड़के पक्ष ने पैसे वापस करने से मना कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।












