उपायुक्त, डीडीसी सहित जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि… शहीद जवानों के सम्मान में रखा दो मिनट का मौन

धनबाद । शहीद दिवस के अवसर पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में आज सुबह 11 बजे समाहरणालय सभागार कक्ष में उपायुक्त श्री संदीप सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उप विकास आयुक्त ने दी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने सिटी सेंटर पर स्थापित राष्ट्रपिता की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात उन्होंने कहा राष्ट्रपिता के विचार आज भी हमें आगे बढ़ने और कुछ अच्छा करने की प्रेरणा देते हैं। हमें शांति, अहिंसा, सादगी, साधनों की पवित्रता और विनम्रता के उनके आदर्शों का पालन करना चाहिए।

साथ ही शहीद दिवस के अवसर पर गांधी सेवा सदन में पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, विधायक झरिया श्रीमती पूर्णिमा नीरज सिंह, उप विकास आयुक्त, बीयाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा व अन्य लोगों ने शहीद दिवस के अवसर पर 2 मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजली दी।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रदीप कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री कुमार बंधु कच्छप, श्री अंशु पांडेय तथा विभिन्न विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

सभी प्रखंडों में 2 मिनट का मौन रख राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला मुख्यालय के साथ-साथ गोविंदपुर, बलियापुर, टुंडी, तोपचांची, एगारकुंड सहित सभी प्रखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी गई।

साथ ही शहीद दिवस के अवसर पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में सभी प्रखंडों में सुबह 11 बजे प्रखंड सभागार में 2 मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

इस अवसर पर सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, कर्मी मौजूद थे।












