पेड़ लगाइए, बिजली बिल बचाइए! हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा ऐलान, हर पौधे पर मिलेगी फ्री बिजली
झारखंड सरकार की नई योजना में एक पेड़ लगाने पर 5 यूनिट मुफ्त बिजली, वन क्षेत्रों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड

रांची। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए झारखंड सरकार ने एक अनोखी और आकर्षक योजना का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि राज्य में एक पेड़ लगाने पर 5 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण अभियान से जोड़ना और राज्य के वन क्षेत्र का विस्तार करना है।
‘पेड़ लगाओ, फ्री बिजली पाओ’ अभियान होगा तेज
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ‘पेड़ लगाओ, फ्री बिजली पाओ’ योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का हिस्सा बनें। खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
स्थानीय प्रजातियों के पौधों पर रहेगा जोर
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि पौधरोपण स्थानीय पारिस्थितिकी (इकोसिस्टम) के अनुरूप किया जाए। महुआ, जामुन, करंज, पलाश, कुसुम, बैर और अर्जुन जैसे पेड़ों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। इन पेड़ों से न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका, पशुपालन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
एक महीने में तैयार होगा वन क्षेत्रों का डिजिटल रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को निर्देश दिया कि एक माह के भीतर राज्य के सभी वन क्षेत्रों का तकनीकी और डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसके लिए डिजिटल मैप की लेयरिंग की जाएगी, जिससे वन क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति, संरचना और विकास की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो सके।
इको-टूरिज्म और वन प्रबंधन पर भी जोर
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, अनुपयोगी पेड़ों की वैज्ञानिक कटाई की योजना बनाने और हेलीकॉप्टर के जरिए बीजों का छिड़काव कर हरित क्षेत्र बढ़ाने की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को समय पर वन पट्टों का वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
झारखंड सरकार की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।












