झारखंड : बोकारो में पुलिस मुठभेड़…रंगदारी गिरोह का सदस्य प्रिंस गुप्ता घायल…इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
तड़के चार बजे हुई मुठभेड़

रांची-बोकारो। झारखंड के बोकारो में गुरुवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। रंगदारी मांगने वाले कुख्यात गिरोह से जुड़े प्रिंस गुप्ता को इस दौरान पैर में गोली लगी है। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
मुठभेड़ के बाद घायल प्रिंस गुप्ता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
पहले ही 7 अपराधी हो चुके हैं गिरफ्तार
बोकारो पुलिस ने हाल ही में राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इनमें 2 ऐसे आरोपी शामिल हैं, जिनके दोनों गिरोहों से संबंध बताए जा रहे हैं, जबकि 5 अपराधी राहुल दुबे गिरोह से जुड़े हैं। मामले को लेकर बोकारो एसपी जल्द ही प्रेसवार्ता कर विस्तृत जानकारी देने वाले हैं।
हथियार बरामदगी के दौरान पलटा आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्त में आने के बाद प्रिंस गुप्ता को पूछताछ के लिए जंगल ले जाया गया था, जहां से हथियार बरामद किए जा रहे थे। इसी दौरान उसने मौका पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
आरोपी की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसी दौरान प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।












