झारखंड राज्यसभा चुनाव में बढ़ा सियासी तापमान: JMM ने चुनाव आयोग से की बड़ी मांग, केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी पर जोर!
Political Temperature Rises in Jharkhand Rajya Sabha Elections: JMM Makes Major Demand to Election Commission, Insists on Surveillance by Central Agencies!

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की है। पार्टी ने केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका को लेकर भी चिंता जताई है।
जेएमएम के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र में कहा है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सख्त निगरानी जरूरी है, ताकि किसी तरह का दबाव या राजनीतिक हस्तक्षेप न हो सके।
भाजपा पर विधायकों को प्रभावित करने की आशंका जताई
जेएमएम ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि स्पष्ट संख्या बल नहीं होने के बावजूद भाजपा नेताओं की ओर से लगातार उम्मीदवार उतारने और जीत का दावा करने वाले बयान दिए जा रहे है। पार्टी का कहना है कि इससे राजनीतिक माहौल प्रभावित हो सकता है और विधायकों पर अनैतिक दबाव बनाने की कोशिश की जा सकती है।
पार्टी ने आशंका जताई कि चुनाव के दौरान विधायकों को आर्थिक प्रलोभन, भयादोहन और केंद्रीय एजेंसियों के जरिए प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है।
CBI, ED और IB जैसी एजेंसियों पर रखी जाए नजर
जेएमएम ने चुनाव आयोग से मांग की है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए CBI, ED, IB और ACB जैसी केंद्रीय एजेंसियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
पार्टी का कहना है कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए हर स्तर पर पारदर्शिता जरूरी है और किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या दबाव की राजनीति को रोकना चाहिए।
गठबंधन के पास 56 विधायक होने का दावा
जेएमएम ने दावा किया है कि महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक है, जबकि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 28 वोटों की जरूरत होती है। पार्टी के मुताबिक मौजूदा स्थिति में गठबंधन दोनों सीटें आसानी से जीत सकता है।
वहीं भाजपा के पास फिलहाल 21 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है।
भाजपा ने भी चुनावी तैयारी तेज की
इधर राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने भी अपनी रणनीति साफ कर दी है। पार्टी ने एक उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है। भाजपा की राज्य चुनाव समिति की बैठक के बाद प्रदेश महासचिव अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पार्टी सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए मैदान में नहीं उतर रही, बल्कि जीत सुनिश्चित करने के इरादे से तैयारी कर रही है।












