मंत्रियों की बढ़ी मुश्किलें : सीएम हेमंत सोरेन के आदेश पर इन 5 मंत्रियों के खिलाफ PE दर्ज

रांची : झारखंड में रघुवर दास की कैबिनेट में शामिल रहे पांच मंत्रियों के खिलाफ एसीबी ने पीई (प्रीलिमिनरी इंक्वायरी) दर्ज कर ली है। एसीबी ने यह पीई पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, नीरा यादव, लुईस मरांडी, रणधीर सिंह व अमर बाउरी के खिलाफ दर्ज की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर एसीबी ने यह कार्रवाई की है। आरोप है कि इन पूर्व मंत्रियों की संपत्ति में 2014 से 2019 तक 200 से 1100 फीसदी इजाफा हुआ है।
बता दें कि बीते 26 जुलाई को हुई कैबिनेट की बैठक में उक्त पांचों पूर्व मंत्रियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने को लेकर पीई दर्ज करने का फैसला लिया गया था। एसीबी ने मामले में पांच अलग अलग पीई दर्ज की है। पीई के बाद जिस पूर्व मंत्री के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला बनेगा, उसके खिलाफ पीई को एफआईआर में तब्दील किया जाएगा।
पीआईएल के आधार पर जांच का दिया गया था आदेश
गौरतलब है कि साल 2020 में झारखंड हाई कोर्ट में एक रिट दाखिल किया गया था. इसमें पांच तत्कालीन मंत्रियों की संपत्ति की जांच की मांग की गई थी. इसमें याचिकाकर्ता पंकज कुमार यादव ने आरोप लगाया था कि पांच सालों में पद पर रहते हुए तत्कालीन मंत्रियों की आय में अप्रत्याशित तौर पर बढ़ोतरी हुई है. इसके प्रमाण में निर्वाचन आयोग के समक्ष संपत्ति के विवरण से संबंधित दाखिल शपथपत्र का हवाला दिया गया था. जिसके बाद इस मामले की जांच करवाई गई थी.











