रांची-इनकाउंटर अपडेट : RSS कार्यालय पर बम से हमला करने वाले आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़, थाना के हाजत से हुआ फरार, पुलिस के साथ हाफ इनकाउंटर…
Ranchi Encounter Update: Police encounter with the accused who attacked the RSS office with a bomb; he had escaped from the police station lock-up; a 'half-encounter' (minor exchange of fire) took place...

रांची। राजधानी रांची से एक बड़ी खबर आयी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सैफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हिरासत से फरार होने के बाद दोबारा गिरफ्तारी के दौरान हथियार छीनकर भागने की कोशिश की थी।
थाना हाजत से फरार हुआ था आरोपी
मिली जानकारी के मुताबिक RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के बाद पुलिस ने सैफ समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन सैफ रांची के कोतवाली थाना की हाजत की खिड़की तोड़कर फरार हो गया था। उसके भागने की पूरी घटना थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और उसकी तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया था।
मांडर टोल के पास फिर पकड़ा गया
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बस के जरिए भागने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मांडर टोल के पास उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर लौट रही थी, तभी उसने कथित तौर पर एक बार फिर भागने का प्रयास किया।
हथियार छीनने की कोशिश, पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुलिसकर्मियों का हथियार छीनने की कोशिश की और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन नहीं रुकने पर जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान सैफ के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
मामले में पुलिस पहले ही अमन अंसारी और सायन खान नामक दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर हमले की साजिश, उद्देश्य और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल थे, इसकी योजना कैसे बनाई गई और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
RSS कार्यालय पर हुआ था पेट्रोल बम हमला
गौरतलब है कि दो दिन पहले देर रात रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंका गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। हालांकि हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी थी।












