Ranchi Gas Crisis: सख्ती के बाद सुधरने लगी होम डिलीवरी, 43 रूट पर आज सिलेंडर सप्लाई…डीसी के निर्देश का दिखा असर, एजेंसियां हुईं सक्रिय
Ranchi Gas Crisis: Home Delivery Improves Following Strict Action; Cylinder Supply on 43 Routes Today... DC's Directives Show Impact as Agencies Spring into Action.

रांची। राजधानी में रसोई गैस की किल्लत और होम डिलीवरी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन की सख्ती के बाद हालात में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने गैस कंपनियों के साथ बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि हर हाल में उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, अन्यथा कार्रवाई तय होगी। अब इसका असर जमीनी स्तर पर नजर आने लगा है।
8 एजेंसियों ने जारी किए 43 वितरण रूट
जानकारी के मुताबिक, शहर की 8 गैस एजेंसियों ने मंगलवार के लिए कुल 43 रूट तय किए हैं, जिन पर सिलेंडर की सप्लाई की जाएगी। इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी के प्रतिनिधि रवि भट्ट के अनुसार अमरावती कॉलोनी, कृष्णापुरी, द्वारकापुरी और चुटिया क्षेत्र में वितरण किया जाएगा।
किन किन इलाकों में पहुंचेगी गैस
विभिन्न एजेंसियों द्वारा जारी रूट के अनुसार कई इलाकों में सप्लाई सुनिश्चित की गई है
शांतनु गैस एजेंसी द्वारा कांटाटोली, पीस रोड, खटंगा, डुमरदगा, बूटी बस्ती, बीआईटी क्षेत्र
प्रताप गैस एजेंसी द्वारा इटकी रोड, अरगोड़ा, कटहल मोड़, दलादली, ललगुटुवा
जयंत गैस एजेंसी द्वारा लालपुर, लोहरा कोचा, पथलकुदुवा, कुम्हार टोली, इस्लाम नगर
माधुरी गैस एजेंसी द्वारा रातू, कमड़े, फ्रेंड कॉलोनी, रवि स्टील, सिमलिया
अदिति गैस एजेंसी द्वारा कोकर, बैंक कॉलोनी, डिपाटोली, शिवशक्ति नगर, तिरिल
एसके गैस एजेंसी द्वारा बरियातू रोड, मोरहाबादी, हरिहर सिंह रोड, चिरौंदी
इंडेन गैस एजेंसी द्वारा करमटोली, लोअर वर्दवान कंपाउंड, एदलहातू, रेडियम रोड, हरमू रोड समेत कई क्षेत्र
बैकलॉग अब भी बड़ी चुनौती
हालांकि सप्लाई व्यवस्था में सुधार शुरू हो गया है, लेकिन लंबित बुकिंग को खत्म करना अभी भी कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार केवल इंडेन गैस का ही करीब 65 हजार का बैकलॉग बाकी है। एजेंसियां पहले से बुकिंग कर चुके उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दे रही हैं, जिससे नए उपभोक्ताओं को थोड़ी प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
कुछ एजेंसियां अब भी लापरवाह
अब भी कई गैस एजेंसियों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। देवी गैस, उरांव गैस, आनंद गैस और वैष्णवी गैस एजेंसी समेत कुछ एजेंसियां वितरण रूट और व्यवस्था को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही हैं। इसके अलावा इंडेन से जुड़ी कुछ एजेंसियां भी नियमों का पूरी तरह पालन नहीं कर रही हैं।
व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लाने की कोशिश
प्रशासन और गैस कंपनियां मिलकर व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने में जुटी हैं। उपभोक्ताओं को वास्तविक समय की जानकारी देने और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाले दिनों में गैस आपूर्ति सुचारु रूप से चल सके।









