रेपिस्ट बाबा: खुद को भगवान बताकर करता था चमत्कार का दावा, महिला इंजीनियर के साथ रेप, सात चेली सहित बाबा गिरफ्तार
Pune Fake Baba Case भगवान बनने का दावा, 15 साल तक महिला का शोषण! पुणे के कथित बाबा का काला साम्राज्य उजागर

Pune Fake Baba Case। एक और बाबा की शर्मनाक करतूत सामने आयी है। बाबा ने एक लेडी इंजीनियर के साथ 15 साल तक यौन शोषण किया। शर्मनाक वाकया महाराष्ट्र के पुणे का है। जहां से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने अंधविश्वास, आस्था और मानवता को झकझोर कर रख दिया है। खुद को दिव्य शक्तियों का स्वामी और भगवान का अवतार बताने वाले एक कथित आध्यात्मिक गुरु पर एक महिला ने वर्षों तक यौन शोषण, मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस ने बताया है कि 59 वर्षीय राधामोहन मिश्रा पुणे के वाघोली क्षेत्र में एक आलीशान बंगले को आश्रम के रूप में संचालित कर रहा था। वह लोगों की पारिवारिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को चमत्कारी शक्तियों से दूर करने का दावा करता था। इसी बहाने वह लोगों का विश्वास जीतकर उन्हें अपने प्रभाव में ले लेता था।
आईटी इंजीनियर महिला ने खोली पोल
मामले का खुलासा तब हुआ जब 41 वर्षीय एक महिला, जो एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत है, ने पुलिस के सामने अपनी आपबीती सुनाई। महिला का आरोप है कि कथित बाबा ने उसे दिव्य शक्तियों और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का झांसा देकर वर्षों तक अपने नियंत्रण में रखा। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसे परिवार से भी दूर कर दिया गया।महिला ने आरोप लगाया कि आश्रम में उसे कई बार बिजली के झटके दिए गए, अपमानजनक व्यवहार सहना पड़ा और लगातार निगरानी में रखा गया। उसके निजी जीवन से जुड़े वीडियो और अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल भी किया जाता था।
पति से अलग कराया, संपत्ति पर भी नजर
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने महिला को उसके पति से अलग होने के लिए प्रभावित किया और कथित तौर पर उसकी संपत्ति पर भी नियंत्रण स्थापित करने का प्रयास किया। महिला का दावा है कि आश्रम में उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।लगातार प्रताड़ना से तंग आकर महिला किसी तरह आश्रम से बाहर निकलने में सफल हुई और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
आश्रम से मिले डिजिटल सबूत
पुणे क्राइम ब्रांच ने छापेमारी के दौरान आश्रम से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इनमें लैपटॉप, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी जब्त किए गए हैं।
भूमिगत सुरंग ने बढ़ाया शक
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। आश्रम परिसर में एक भूमिगत सुरंग का निर्माण कराया जा रहा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरंग का उद्देश्य क्या था और उसका इस्तेमाल किसलिए किया जाना था।
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने मुख्य आरोपी राधामोहन मिश्रा, उसके सहयोगी कमल नयन और छह महिला सहयोगियों के खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी तथा अंधश्रद्धा विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को अदालत ने पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।












