Jamshedpur Encounter: राहुल बच्चा हत्याकांड के साथ पुलिस की मुठभेड़, फायरिंग कर हो रहा था फरार, फिर पुलिस ने संभाला मोर्चा
जमशेदपुर में राहुल बच्चा हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने लोडेड पिस्तौल भी बरामद की।

जमशेदपुर। जमशेदपुर में देर रात इनकाउंटर की खबर है। जानकारी के मुताबिक जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने इस दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहब सिंह उर्फ शब्बे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
आपको बता दें कि बुधवार की देर रात मानगो थाना क्षेत्र में राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई थी। यह वारदात मानपुर थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला मजार गली के पास घटी थी। इस मामले में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत आफताब और सौरभ दत्त उर्फ बंगाली ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बारामदगी को लेकर पुलिस सभी आरोपियों को रोड नंबर 14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी साहेब सिंह ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस पर आरोपी ने दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में साहेब सिंह के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान पुलिस को आरोपियों के निशानदेही पर एक लोडेड पिस्तौल और एक खाली पिस्टल मिला है। घायल आरोपी को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज जारी है। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी के हमलावर रवैये से पुलिस की टीम पर सुरक्षा का गंभीर खतरा हो गया था, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षात गोली चलानी पड़ी।









