सीनियर अधिकारी पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दोस्त की बेटी से साल भर करता रहा रेप, प्रेगनेंट हुई तो पत्नी ने….

न्यू दिल्ली : दिल्ली सरकार के एक अधिकारी के खिलाफ पुलिस ने दोस्त की नाबालिग बेटी से रेप का मामला दर्ज किया है. आरोप है कि अधिकारी ने नाबालिग के साथ 2020 से 2021 तक बलात्कार किया. मामले में अधिकारी की बीवी के भी शामिल होने की बात सामने आई है.
पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोपी अधिकारी दिल्ली सरकार के महिला और बाल कल्याण विभाग में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर तैनात रहा है.
पीड़िता सिविल लाइन इलाके में एक स्कूल की 12वीं की छात्रा है. दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चर्च में आने-जाने के दौरान पीड़िता के परिवार की जान पहचान डिप्टी डायरेक्टर से हुई थी. साल 2020 में पीड़िता के पिता की मौत हो गई, जिसके बाद पीड़िता काफी परेशान रहने लगी जिसके बाद डिप्टी डायरेक्टर पीड़िता को अपने घर लेकर आ गए.
डिप्टी डायरेक्टर पर क्या है आरोप?
आरोप है कि पीड़िता के साथ साल 2020 से 2021 तक आरोपी डिप्टी डायरेक्टर ने कई बार रेप किया. इतना ही नहीं पीड़िता जब प्रेगनेंट हो गई तो ये बात उसने डिप्टी डायरेक्टर की पत्नी को बताई तो पत्नी ने बात को कहीं बाहर न जाने देने की सलाह देते हुए अपने बेटे से दवा मंगवाई और उसका गर्भपात करवा दिया था.
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने IPC की धारा 376 (2), 506, 509, 323, 313, 120B, 34IPC और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पीड़िता फिलहाल अस्पताल में एडमिट है. उसका इलाज चल रहा है. उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने अभी दर्ज नहीं हुआ है. पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है.












