सिर फूटा, खून से लथपथ हुआ दूल्हा… शादी से पहले मचा ऐसा बवाल कि सहम गए बाराती
बारात जा रही थी… तभी बीच सड़क रुकी गाड़ी और टूट पड़े दबंग! दूल्हे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वायरल VIDEO देख कांप उठेंगे

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब बारात लेकर जा रहे दूल्हे पर दबंगों ने बीच सड़क हमला कर दिया। आरोप है कि आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने बारात की गाड़ी रोककर पहले जमकर तोड़फोड़ की, फिर दूल्हे को बाहर खींचकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।
यह सनसनीखेज मामला राठ थाना क्षेत्र के बसेला गांव का बताया जा रहा है। गुरुवार शाम दूल्हा अपनी बारात लेकर जा रहा था, तभी बाइक सवार करीब दर्जनभर हमलावरों ने रास्ता रोक लिया। देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया और हमलावर दूल्हे पर टूट पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दबंगों ने दूल्हे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लाठी-डंडों से किए गए हमले में दूल्हे का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल दूल्हे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावरों की बेरहमी देख लोग सहम गए हैं। वायरल क्लिप में दूल्हे को बचाने की कोशिश करते लोग भी नजर आ रहे हैं, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।












