4 अगस्त को पहली पुण्यतिथि पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी जाएगी श्रद्धांजलि, राज्यभर में होंगे कार्यक्रम

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर भव्य आयोजन! 14 फीट प्रतिमा का होगा अनावरण, नेमरा-लुकैयाटांड़ बनेगा श्रद्धा का केंद्र

रांची। झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन करने का निर्णय लिया है। मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित होगा, जहां लगभग 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

CM हेमंत सोरेन करेंगे 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं आयोजन की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में स्थापित की जा रही 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

यह प्रतिमा उस स्थान के समीप स्थापित की जा रही है, जहां सोबरन सोरेन का बलिदान हुआ था। प्रतिमा और उसके मंच के निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर और मिस्त्री जुटे हुए हैं।

राज्यभर से जुटेंगे नेता और कार्यकर्ता

मुख्य कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि और झामुमो के वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री की चचेरी बहन एवं जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि लुकैयाटांड़ में मुख्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित होगा, जबकि शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में स्थानीय स्तर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर ग्रामीण उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं की तैयारी

झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि राज्य के सभी जिलों के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आम नागरिक भी इन आयोजनों में शामिल होकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दे सकेंगे।

उन्होंने बताया कि कई जिला समितियां अपने-अपने क्षेत्र में शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी में भी जुटी हैं। इससे पहली पुण्यतिथि को राज्यभर में व्यापक स्तर पर मनाने की योजना बनाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close