घर के बाहर पॉलीथिन में ऐसा क्या मिला कि मच गया हड़कंप? 8 महीने के मृत भ्रूण ने खड़े किए कई सवाल

फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। लाधुका की बस्ती चंडीगढ़ इलाके में एक महिला के घर के बाहर सड़क किनारे पॉलीथिन में करीब 8 महीने का मृत भ्रूण मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और चिंता का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, महिला ने अपने घर की दीवार के पास सड़क किनारे एक संदिग्ध पॉलीथिन पड़ी देखी। उसे शक हुआ तो उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। जब लोगों ने पॉलीथिन को देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके अंदर एक मृत भ्रूण था। इसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शवगृह में रखवाया भ्रूण
सूचना मिलते ही लाधुका पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी रमेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और भ्रूण को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, बस्ती चंडीगढ़ इलाके में संदिग्ध लिफाफे में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भ्रूण को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकेगा।
आखिर किसने और क्यों फेंका? CCTV से खुलेगा राज
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, भ्रूण करीब 8 महीने का है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसे घर के बाहर सड़क किनारे पॉलीथिन में किसने छोड़ा?
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच टीम इलाके और आसपास के रास्तों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के जरिए उस व्यक्ति तक पहुंचा जा सकेगा, जिसने भ्रूण को यहां छोड़ा।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी रोष है और वे दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।












