13 जून को रायपुर में जुटेंगे 18 हजार NHM कर्मचारी, मंच से हो सकता है बड़ा ऐलान! CM साय की मौजूदगी ने बढ़ाई हलचल
महासम्मेलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग में उत्साह, प्रदेशभर से अधिकारी-कर्मचारी परिवार सहित होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े हजारों कर्मचारियों की नजरें अब 13 जून पर टिकी हैं। राजधानी रायपुर के स्व. बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने जा रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस आयोजन को लेकर इसलिए भी खास चर्चा है क्योंकि इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मंच साझा कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित इस महासम्मेलन में प्रदेशभर के उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, मंत्रालय और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे। इतने बड़े स्तर पर होने वाला यह आयोजन स्वास्थ्य विभाग के इतिहास के सबसे बड़े सम्मेलनों में से एक माना जा रहा है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर कर्मचारियों के बीच विशेष उत्साह देखा जा रहा है और महासम्मेलन को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार यह महासम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की 21 वर्षों की स्वास्थ्य सेवा यात्रा, कर्मचारियों के योगदान, संघर्ष और उपलब्धियों का सामूहिक उत्सव बनेगा। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों के बीच संवाद, समन्वय और संगठनात्मक एकता को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर के जिलों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं, जिसके बाद कर्मचारियों के बीच उत्साह और बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास, डॉ. आलोक शर्मा और डॉ. तृप्ति तिवारी भी मौजूद रहे। अब सभी की निगाहें 13 जून के इस महासम्मेलन पर हैं, जहां हजारों कर्मचारियों की मौजूदगी के बीच कई महत्वपूर्ण संदेश और चर्चाएं सामने आ सकती हैं।









