ईरान में खतरा बढ़ा! भारतीय दूतावास की बड़ी चेतावनी- ‘तुरंत देश छोड़ें’, जारी हुई नई एडवाइजरी
अमेरिका-ईरान के बढ़ते तनाव और बिगड़ते सुरक्षा हालात के बीच भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा टालने और वहां मौजूद लोगों से जल्द सुरक्षित बाहर निकलने की अपील की है।

नई दिल्ली/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा लगातार बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीयों से व्यावसायिक (कमर्शियल) उड़ानों के जरिए जल्द से जल्द अस्थायी रूप से देश छोड़ने पर विचार करने की अपील की है। साथ ही भारतीय नागरिकों को फिलहाल ईरान की यात्रा पूरी तरह टालने की सलाह भी दी गई है।
बढ़ती हिंसा के बीच जारी हुआ अलर्ट
भारतीय दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि हाल के दिनों में ईरान में अस्थिरता और हिंसा का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे वहां का सुरक्षा माहौल बेहद चिंताजनक हो गया है। ऐसे में वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
कमर्शियल फ्लाइट से निकलने की सलाह
दूतावास ने कहा है कि जो भारतीय नागरिक इस समय ईरान में मौजूद हैं, वे उपलब्ध कमर्शियल फ्लाइट्स का उपयोग कर अस्थायी रूप से देश से बाहर निकलने पर गंभीरता से विचार करें। वहीं, जिन लोगों की ईरान यात्रा प्रस्तावित है, उन्हें फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी गई है।
दूतावास में तुरंत कराएं रजिस्ट्रेशन
भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्होंने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, तो तुरंत दूतावास में रजिस्ट्रेशन कराएं। साथ ही दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी होने वाले अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें।
पश्चिम एशिया में बढ़ी सुरक्षा चिंता
यह एडवाइजरी ऐसे समय में जारी की गई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति को लेकर वैश्विक चिंता गहराती जा रही है। ऐसे हालात में भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।








