Hazaribagh Murder Case: गर्लफ्रेंड के लिए बेवफा हुई दोस्ती, प्रेमिका की खातिर शराब पिलाकर दोस्त को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी
हजारीबाग में डेंटल कॉलेज के सुपरवाइजर विकास कुमार सिंह की हत्या का खुलासा। प्रेम प्रसंग में दोस्त ने पहले शराब पिलाई, फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हजारीबाग। एक युवती के दो-दो प्रेमी थे..दोनों पक्के दोस्त, लेकिन फिर प्रेमिका की चाहत में एक दोस्त दूसरे दोस्त का दुश्मन बन बैठा। झारखंड के हजारीबाग से मौत की एक गुत्थी सुलझ गयी है। हजारीबाग जिले में डेंटल कॉलेज के सुपरवाइजर विकास कुमार सिंह की हत्या का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस हत्याकांड के पीछे न कोई पुरानी रंजिश थी और न ही पैसों का विवाद, बल्कि एक युवती से प्रेम इस खूनी वारदात की वजह बना। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी पवन कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम त्रिकोण बना हत्या की वजह
सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह ने बताया कि 19 जुलाई 2026 को दर्ज हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। जांच में सामने आया कि मृतक विकास कुमार सिंह और आरोपी पवन कुमार दास एक ही मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थे और दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी।
लेकिन दोनों का झुकाव एक ही युवती की ओर था। आरोपी ने जब विकास को उस युवती से वीडियो कॉल पर बात करते देखा तो उसके मन में ईर्ष्या और गुस्सा पैदा हो गया। धीरे-धीरे युवती ने आरोपी से बातचीत कम कर दी और विकास के अधिक करीब हो गई। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने दोस्त की हत्या की साजिश रच डाली।
पहले जमकर शराब पिलाई, फिर बेरहमी से की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 18 जुलाई की रात उसने विकास को अपने साथ बैठाकर काफी शराब पिलाई। अधिक नशे की वजह से जब विकास जमीन पर गिर गया तो आरोपी ने उसका मुंह जमीन पर दबा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से हमला किया।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को मालूम था कि विकास हृदय रोगी था और उसके सीने में पेसमेकर लगा हुआ था। उसने इसी कमजोरी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
वैज्ञानिक जांच से पुलिस पहुंची आरोपी तक
हत्या के बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले सबूतों और डिजिटल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दोस्ती से दुश्मनी तक का सफर
पुलिस के मुताबिक, दोनों एक ही संस्थान में काम करने के कारण अच्छे दोस्त थे, लेकिन प्रेम संबंधों को लेकर शुरू हुई प्रतिस्पर्धा ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया। आखिरकार आरोपी ने अपने ही दोस्त की जान ले ली।
पुलिस ने भेजा जेल
आरोपी पवन कुमार दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








