बड़ी खबर : जम्मू-कश्मीर में बारिश बनी ‘काल’! 48 घंटे में 24 मौतें, वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा पर बड़ा फैसला
भूस्खलन और बाढ़ से मची तबाही, एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत; IMD ने अगले 48 घंटे के लिए जारी किया हाई अलर्ट

श्रीनगर/जम्मू। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। पिछले 48 घंटों में बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 24 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई इलाके अब भी संकट से जूझ रहे हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए माता वैष्णो देवी और श्रीअमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है।
एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत
सबसे दर्दनाक हादसा पुंछ जिले के सुरनकोट के लोरन गांव में हुआ, जहां लगातार बारिश के बीच पहाड़ से भारी मलबा एक कच्चे मकान पर आ गिरा। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। वहीं डोडा जिले में बस पर चट्टान गिरने से दो लोगों की जान चली गई। सोमवार को ही पांच महिलाओं समेत 12 लोगों की मौत मौसम जनित घटनाओं में हुई।
यात्रा मार्गों पर भूस्खलन, हजारों श्रद्धालु फंसे
भारी बारिश के कारण माता वैष्णो देवी, श्रीअमरनाथ, शिवखोड़ी और सरथल यात्रा दूसरे दिन भी स्थगित रही। कटड़ा में बैटरी कार मार्ग, भैरव घाटी मार्ग और पारंपरिक यात्रा मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
हालांकि यात्रा बंद होने की वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन कटड़ा में 15 हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित मार्गों को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई हैं।
नदियां उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा
लगातार बारिश से तवी और चिनाब नदी समेत कई नदियां और नाले उफान पर हैं। जम्मू, श्रीनगर, राजौरी, पुंछ सहित कई जिलों में जलभराव की स्थिति है और कई गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
IMD का हाई अलर्ट, अगले 48 घंटे बेहद अहम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों तक भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिलों में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 6-6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।









