महतारी वंदन की 29वीं किस्त के बाद मुख्यमंत्री का बड़ा दावा! महिलाओं की जिंदगी में आया बड़ा बदलाव, मंच से किए कई अहम ऐलान

'इमर्जिंग छत्तीसगढ़–सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला सशक्तिकरण, बस्तर विकास, रोजगार, पर्यटन और नई भर्तियों को लेकर सरकार का विजन साझा किया।

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़–सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला सशक्तिकरण, रोजगार, बस्तर के विकास, उद्योग, पर्यटन और सुशासन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन की नई मिसाल कायम की है।

68.50 लाख महिलाओं को मिल रहा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की करीब 68 लाख 50 हजार विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जा रहे हैं। अब तक 29 किस्तों के माध्यम से लगभग 18,800 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना की राशि से कई महिलाएं सिलाई मशीन खरीदकर स्वरोजगार शुरू कर रही हैं, कोई किराना या सब्जी की दुकान चला रही है, तो कई महिलाएं अपनी बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश कर रही हैं।

महतारी वंदन की राशि से शुरू हुआ राम मंदिर निर्माण

मुख्यमंत्री ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दानसरा गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से मिली राशि को एकत्र कर भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू किया है। उन्होंने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक भागीदारी का प्रेरक उदाहरण बताया।

30 लाख महिलाएं जुड़ीं स्व-सहायता समूहों से

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2.86 लाख महिला स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे करीब 30 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। सरकार इन समूहों को रेडी-टू-ईट कार्यक्रम, ऋण और अन्य आर्थिक सहायता देकर स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

बस्तर में विकास की नई तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, विकास और रोजगार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के जरिए 500 से अधिक गांवों तक सरकार की योजनाएं पहुंच चुकी हैं। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 36 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि बस्तर में सिंचाई परियोजनाओं, पर्यटन, वनोपज आधारित उद्योगों और होम-स्टे नीति के जरिए स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

रोजगार, नई भर्ती और निवेश पर बड़ा अपडेट

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विभिन्न विभागों में युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है और जल्द ही 5 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत पिछले डेढ़ वर्षों में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे आने वाले समय में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

धर्मांतरण कानून और समान नागरिक संहिता पर भी बोले

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2026 लागू किया गया है, जिसके तहत अवैध या प्रलोभन देकर धर्मांतरण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर गठित समिति काम कर रही है और सरकार आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र तक इस दिशा में ठोस प्रगति का प्रयास कर रही है।

महिलाओं ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में बलौदाबाजार की मीना देवांगन ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से उन्होंने चूड़ी का व्यवसाय शुरू किया है। वहीं सरोज ने कहा कि वह इस राशि से अपने बच्चे की स्कूल फीस भर रही हैं। दोनों महिलाओं ने योजना को अपने परिवार की आर्थिक मजबूती का बड़ा सहारा बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close