रायपुर की रथयात्रा में क्या हुआ ऐसा खास? मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ से की ऐसी प्रार्थना, जिसने सबका ध्यान खींच लिया

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई छेरा-पहरा की परंपरा, प्रदेश में अच्छी बारिश, किसानों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

 

रायपुर।

राजधानी रायपुर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। दोनों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा का आशीर्वाद लिया तथा पारंपरिक छेरा-पहरा की रस्म निभाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा और किसानों की खुशहाली की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच भगवान की प्रतिमाओं को विशेष विधि-विधान से रथ पर विराजित किया गया। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे आयोजन को भक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य माने जाते हैं और उनकी कृपा से समय पर वर्षा, खेतों में हरियाली तथा किसानों के जीवन में समृद्धि आती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में भरपूर बारिश, अच्छी फसल और किसानों की खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव, सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं तथा हमारी परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

गौरतलब है कि रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में हर वर्ष पुरी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन किया जाता है। छेरा-पहरा की परंपरा भगवान के समक्ष सभी के समान होने और सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने का संदेश देती है। ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा है और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रथयात्रा उत्साहपूर्वक निकाली जाती है।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close