छत्तीसगढ़ को मिलने जा रहा है बड़ा रेल तोहफा! 17 जुलाई को बदल जाएगी इन दो रेलवे स्टेशनों की तस्वीर
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद स्टेशन का होगा लोकार्पण, मुख्यमंत्री बोले- रेलवे आधुनिकीकरण से विकास को मिलेगी नई रफ्तार।

रायपुर।
छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को लोकार्पण होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इसी क्रम में रायपुर मंडल के दोनों आधुनिक रेलवे स्टेशन भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम से पहले रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा। मुलाकात के दौरान सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से रेलवे स्टेशनों को सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश और क्षेत्रीय विकास की मजबूत आधारशिला है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आम नागरिकों का सफर पहले से अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आसान होगा।












