बंगाल विधानसभा में हाईवोल्टेज ड्रामा! विधायक को हाथ-पैर पकड़कर घसीटते हुए निकाला बाहर, सदन में मचा बवाल
बजट चर्चा के दौरान TMC विधायक कुणाल घोष ने भाषण का विरोध किया। स्पीकर के आदेश पर मार्शलों ने सदन से बाहर निकाला, इसके बाद वॉकआउट भी हुआ।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा में बुधवार को बजट चर्चा के दौरान उस समय जोरदार हंगामा मच गया, जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक कुणाल घोष ने सदन में भाषण का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि स्पीकर के आदेश पर मार्शलों को हस्तक्षेप करना पड़ा और कुणाल घोष को हाथ-पैर पकड़कर विधानसभा से बाहर ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा में गृह विभाग के बजट पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान TMC के बागी गुट के विधायक अखरुज्जमां जैसे ही अपना भाषण देने के लिए खड़े हुए, कुणाल घोष सदन के वेल में पहुंच गए और उनके भाषण का विरोध करने लगे। देखते ही देखते सदन में शोर-शराबा और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जिसे शांत कराने के लिए अन्य विधायकों को बीच-बचाव करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि कुणाल घोष इस बात से नाराज थे कि बजट चर्चा में बोलने वाले सदस्यों की सूची से उनका नाम हटा दिया गया था। उनका दावा था कि पहले सूची में उनका नाम शामिल था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया।
स्पीकर ने किया निलंबित, मार्शलों ने बाहर निकाला
लगातार हंगामे के बाद विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कुणाल घोष से अपनी सीट पर लौटने की अपील की, लेकिन उन्होंने निर्देश नहीं माना। इसके बाद स्पीकर ने उन्हें पूरे दिन के लिए सदन से निलंबित करने का आदेश दिया। आदेश के बाद मार्शलों ने उन्हें विधानसभा से बाहर कर दिया।
सदन से हुआ वॉकआउट
कुणाल घोष को बाहर निकाले जाने के बाद कालीघाट गुट के अन्य विधायक भी विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल में चली और राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई।









